महिला समेत दो बेटे गंभीर घायल, नामजद आरोपियों पर जानलेवा हमले का आरोप; पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
पडरौना, कुशीनगर। कोतवाली पडरौना क्षेत्र के हरका घुरमल गांव में एक महिला ने पड़ोसी सहित कई लोगों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने तथा विरोध करने पर धारदार हथियार, फावड़ा और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में महिला और उसके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता ने कोतवाली प्रभारी को नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता अंजली देवी पत्नी स्वर्गीय उमा शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 01 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे पड़ोसी मुन्ना सिंह पुत्र रामधारी सिंह, निवासी लतवा चट्टी, थाना तमकुहीराज, जो गांव के एक कृषि फार्म में कार्यरत है, उसके घर में घुस आया और उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती करने लगा। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।
तहरीर के अनुसार, जब उसके बेटों ने इस घटना का विरोध किया तो कुछ देर बाद मुन्ना सिंह अपने परिवार के किशन सिंह, पंकज सिंह, रोशन सिंह, पूनम देवी तथा अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडा, लोहे की रॉड, फावड़ा और धारदार हथियार लेकर पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके परिवार पर हमला कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, हमले के दौरान मुन्ना सिंह ने धारदार हथियार से उसकी बेटी प्रतिभा की गर्दन पर वार किया। बचाव के दौरान उसका बायां हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे पुत्र काजू के सिर पर फावड़े से वार किया गया, जिससे उसका सिर फट गया। दूसरे बेटे के साथ भी मारपीट कर उसे बेहोश कर देने का आरोप लगाया गया है।
तहरीर में कहा गया है कि आरोपी उन्हें मरा समझकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर बड़ा बेटा घटनास्थल पर पहुंचा और एम्बुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्टर:के एन राय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR