सुब्रतो कप अंडर-17 फुटबॉल: पेनाल्टी शूटआउट में परतावल ने सिसवा को 5-3 से हराकर जीता जिला खिताब

सुब्रतो कप अंडर-17 फुटबॉल: पेनाल्टी शूटआउट में परतावल ने सिसवा को 5-3 से हराकर जीता जिला खिताब

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। घुघली नगर स्थित डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के क्रीड़ांगन में आयोजित सुब्रतो कप अंडर-17 बालक जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार ने महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, सिसवा को पेनाल्टी शूटआउट में 5-3 से हराकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, सिसवा ने एक गोल कर बढ़त बनाई। इसके बाद पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार ने लगातार दो गोल कर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में सिसवा की टीम ने बराबरी का गोल दाग दिया, जिससे निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।




इसके बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार के खिलाड़ियों ने अपनी पांचों पेनाल्टी सफलतापूर्वक गोल में बदलीं, जबकि महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, सिसवा की टीम केवल तीन पेनाल्टी को ही गोल में बदल सकी। इस प्रकार परतावल ने 5-3 से मुकाबला जीतकर जिला खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार माध्यमिक विद्यालयों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन कराया जा रहा है और भविष्य में भी यह क्रम जारी रहेगा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्याम बहादुर रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ