पडरौना की स्वाति सिंह बनीं सुप्रीम कोर्ट की रिसर्च एसोसिएट

पडरौना की स्वाति सिंह बनीं सुप्रीम कोर्ट की रिसर्च एसोसिएट
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद के पडरौना नगर की स्वाति सिंह ने सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली में रिसर्च एसोसिएट के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश के अधीन रिसर्च एसोसिएट के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से जिले में हर्ष का माहौल है।

स्वाति सिंह, नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गायत्री शक्ति पीठ पडरौना के मुख्य ट्रस्टी आर.के. सिंह की सुपौत्री तथा यूएनपीजी कॉलेज, पडरौना में कार्यरत आशुतोष सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने सिद्धार्थ लॉ कॉलेज, देहरादून से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। एलएलबी के अंतिम वर्ष के दौरान ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में रिसर्च एसोसिएट पद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था।
चयन प्रक्रिया के तहत उन्होंने प्रारंभिक एवं मुख्य लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीशों की पीठ द्वारा आयोजित दो चरणों के विस्तृत साक्षात्कार में सफलता हासिल करने के बाद उनका अंतिम चयन हुआ।
अपनी सफलता पर स्वाति सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प तथा परिजनों एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
स्वाति सिंह की इस उपलब्धि पर राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह, सदर विधायक मनीष कुमार जायसवाल, हनुमान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र दत्त शुक्ल, प्रबंधक मनोज शर्मा, व्यवसायी अजय कुमार गुप्ता, रियल पैराडाइज एकेडमी की प्रिंसिपल डॉ. सुनीता पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ