नेपाल सीमा पर सुरक्षा का सख्त पहरा

नेपाल सीमा पर सुरक्षा का सख्त पहरा, एसएसबी-निचलौल पुलिस की संयुक्त पैट्रोलिंग
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी, संदिग्धों और वाहनों की हुई गहन जांच; लोगों से सुरक्षा में सहयोग की अपील
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को एसएसबी एवं थाना निचलौल पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन पैट्रोलिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में संचालित इस अभियान के दौरान सीमा से जुड़े संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती गई तथा आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई।
संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सीमाई गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी। पैट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने के लिए एसएसबी और महराजगंज पुलिस का संयुक्त निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित पैट्रोलिंग और सघन जांच के माध्यम से तस्करी, अवैध गतिविधियों तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या एसएसबी को दें।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ