नीट यूजी परीक्षा में प्रभात पाण्डेय ने 720 में 544 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

नीट यूजी परीक्षा में प्रभात पाण्डेय ने 720 में 544 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

भाटपार रानी/बनकटा, देवरिया। भटनी विकास खंड के ग्राम पंचायत खैरांट निवासी होनहार छात्र प्रभात कुमार पाण्डेय ने नीट यूजी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 720 में 544 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव, क्षेत्र और जनपद में खुशी का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों तथा जनप्रतिनिधियों ने प्रभात को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


प्रभात कुमार पाण्डेय, प्रदीप कुमार पाण्डेय के पुत्र तथा भाजपा नेता अजय पाण्डेय के भतीजे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, पूर्वजों, गुरुजनों एवं सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को दिया है। इस उपलब्धि से उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ गांव और जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।

प्रभात की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, पक्की बाग, गोरखपुर में हुई। इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा नवल्स एकेडमी, गोरखपुर से प्राप्त की। उनकी सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी।

प्रभात की माता का नाम प्रतिभा पाण्डेय है। परिवार के लोगों ने बताया कि यह एक सुखद संयोग है कि पिता, माता और पुत्र—तीनों के नाम का पहला अक्षर "प्र" है।

प्रभात की सफलता पर ग्राम पंचायत खैरांट के ग्रामीणों ने बाबा राजेश्वर नाथ से उनके उज्ज्वल भविष्य और चिकित्सकीय शिक्षा में निरंतर सफलता की प्रार्थना की। वहीं परिवार ने शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने वाले सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रभात कुमार पाण्डेय ग्राम पंचायत खैरांट, विकास खंड भटनी, थाना खामपार, जनपद देवरिया के मूल निवासी हैं।



रिपोर्टर: ब्रिजेश कुमार मिश्रा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ