अघोषित बिजली कटौती के विरोध में क्रमिक अनशन छठवें दिन भी जारी, पूर्व राज्यसभा सांसद ने दिया समर्थन

अघोषित बिजली कटौती के विरोध में क्रमिक अनशन छठवें दिन भी जारी, पूर्व राज्यसभा सांसद ने दिया समर्थन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

बरहज, देवरिया। नगरपालिका क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में चल रहा क्रमिक अनशन शनिवार को छठवें दिन भी जारी रहा। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजीत जायसवाल के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में शनिवार को सुनील निषाद अनशन पर बैठे।


धरना स्थल पर पहुंचीं पूर्व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है। सरकार कोई भी हो, नागरिकों को आवश्यक सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।

कनकलता सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नगरवासियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।

अनशनकारियों ने मांग की कि बरहज नगर में निर्बाध और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अघोषित कटौती से राहत मिल सके।

इस दौरान डॉ. अजय मिश्रा, प्रदीप जायसवाल, जितेंद्र भारत, प्रोफेसर मुरारी अग्रवाल सहित अनेक लोग धरना स्थल पर उपस्थित रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।



रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ