कुशीनगर-देवरिया समेत कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले तीन दिनों तक भारी वर्षा, मेघगर्जन और वज्रपात का प्रभाव आधारित पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, संतकबीर नगर, बस्ती सहित कई जिलों में 19 जुलाई तक भारी बारिश तथा मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। वहीं 20 से 21 जुलाई के दौरान कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया सहित पूर्वांचल के अनेक जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
जलभराव और बिजली गिरने का खतरा
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान, सड़क यातायात प्रभावित होने तथा नदियों और मौसमी नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका है। तेज मेघगर्जन और आकाशीय बिजली से जन-धन, पशुधन तथा फसलों को भी नुकसान हो सकता है।
किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें तथा लगातार वर्षा के दौरान नत्रजनयुक्त उर्वरकों का प्रयोग न करें। धान, गन्ना, मक्का, अरहर, मूंगफली, तिल, उड़द, मूंग तथा सब्जी फसलों में जलभराव से बचाव के लिए समुचित जल निकासी की व्यवस्था रखें। केला और पपीता जैसी फसलों को सहारा देने तथा रोगों की निगरानी करने की भी सलाह दी गई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, पेड़ों के नीचे शरण न लें, जलमग्न सड़कों और उफनते नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित भवन में ही रहें।
रिपोर्टर: व्यूरो।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR