नपा के बड़े बाबू मनोज गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज (देवरिया)। नगर पालिका परिषद गौरा बरहज में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत मनोज गुप्ता 34 वर्षों की लंबी एवं निष्कलंक सेवा के उपरांत बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में नगर पालिका परिसर में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी।
मनोज गुप्ता अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और सरल स्वभाव के कारण नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच विशेष पहचान रखते थे। उनके सेवानिवृत्त होने पर आयोजित समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल के नेतृत्व में उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
विदाई समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। अपने संबोधन में मनोज गुप्ता ने 34 वर्षों के सेवा काल को याद करते हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिवार से उन्हें हमेशा स्नेह और सहयोग मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूलेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि मनोज गुप्ता ने अपने पूरे सेवा काल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया। उनकी कार्यशैली और व्यवहार सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि मनोज गुप्ता के सेवानिवृत्त होने से नगर पालिका परिवार को उनकी कमी अवश्य खलेगी, लेकिन उन्हें विश्वास है कि भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहेगा।
समारोह में उपस्थित कर्मचारियों ने भी मनोज गुप्ता के साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। समारोह का समापन सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR