नगर पंचायत बरियारपुर के औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम, जनसुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

नगर पंचायत बरियारपुर के औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम, जनसुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र समय से जारी करें, किसी आवेदक को न हो परेशानी : जिलाधिकारी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को शाम करीब 4:50 बजे नगर पंचायत बरियारपुर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की साफ-सफाई, संचालित निर्माण कार्यों तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र से संबंधित कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए तथा निर्धारित समयावधि के भीतर प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी सेवाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सफाई व्यवस्था, सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नगर पंचायत में 40 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं और नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है।


जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश राजभर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ