नाबालिग बालिकाओं की शादी कराने वाले गिरोह के सक्रिय होने का आरोप, पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
भाटपार रानी, देवरिया। उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं की कथित तौर पर शादी कराने और मानव तस्करी से जुड़े गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की नाबालिग बच्चियों को शादी का झांसा देकर ऐसे गिरोह अपने निशाने पर लेते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिहार के सिवान जिले के मैरवा और गुठनी थाना क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के बनकटा थाना क्षेत्र के आसपास के गांवों में ऐसे मामलों को लेकर चिंता बनी हुई है। बताया गया कि पिछले वर्ष बनकटा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग युवती की शादी कराने के प्रयास की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया था।
वहीं, हाल में करीब 13 वर्षीय एक नाबालिग बालिका की कथित बाल विवाह कराने की कोशिश की सूचना मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर उसे बचा लिया। बताया जा रहा है कि बालिका फिलहाल पुलिस संरक्षण में है और उसकी काउंसिलिंग कराई जा रही है। काउंसिलिंग के बाद उसे परिजनों को सौंपे जाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग गरीब परिवारों की बच्चियों को बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर शादी के लिए तैयार करते हैं। उनका कहना है कि नाबालिग बालिकाओं की शादी कराना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से हालिया मामले की गहन जांच कर इसमें शामिल लोगों की पहचान करने और यदि पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आए हैं तो उनकी भी दोबारा जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई होने से भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाटपार रानी के पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र में यदि कोई गिरोह नाबालिगों की जबरन या अवैध शादी कराने के धंधे में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: ब्रिजेश मिश्र
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR