गौ संरक्षण का संदेश लेकर महराजगंज पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत

गौ संरक्षण का संदेश लेकर महराजगंज पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा के तहत जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार को निचलौल विधानसभा क्षेत्र के सिसवा और निचलौल स्थित आशा मैरेज हॉल पहुंचे। यहां दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया।


अपने संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि उनकी गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध के लिए नहीं है। यात्रा का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति समाज और सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।

उन्होंने कहा कि किसी पार्टी विशेष का विरोध नहीं किया जा रहा है। जो सरकार गौ माता को पशु के स्थान पर ‘राष्ट्रीय गौ माता’ का दर्जा देगी, उनका समर्थन उसी के साथ रहेगा।


उन्होंने बताया कि गौ रक्षा धर्म युद्ध यात्रा देश की प्रत्येक विधानसभा तक पहुंचाई जा रही है, ताकि जनजागरण के माध्यम से गौ संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं, बल्कि गौ माता के सम्मान, संरक्षण और सनातन संस्कृति के संवर्धन के लिए समाज को एकजुट करने का अभियान है।

जगद्गुरु शंकराचार्य करीब एक घंटे तक श्रद्धालुओं के बीच रहे। इस दौरान उन्होंने भक्तों से संवाद किया और गौ सेवा के साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मप्रेमी मौजूद रहे।



रिपोर्टर: रणजीत  मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ