हनुमानगढ़ी के पास नाले में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मची सनसनी

हनुमानगढ़ी के पास नाले में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मची सनसनी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। शहर के हनुमानगढ़ी के पास स्थित बलिया नाले में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव नाले में जलकुंभी के बीच फंसा हुआ था। तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने नाले में देखा तो शव दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था। उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शव कई दिनों से नाले में पड़ा हुआ था। इसके चलते शव से तेज दुर्गंध आने लगी थी। युवक की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


रिपोर्टर: रणजीत  मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ