मौसम संबंधी अलर्ट का सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश

मौसम संबंधी अलर्ट का सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जनपद में मौसम संबंधी चेतावनियों को आमजन तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा ने कहा है कि रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट से जुड़ी सभी सूचनाओं का सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि सचिव, राजस्व एवं राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा भारी एवं अत्यधिक भारी वर्षा, मेघगर्जन और वज्रपात जैसी संभावित आपदाओं से संबंधित चेतावनियां एक्स (X), फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो, मोशन ग्राफिक्स और इन्फोग्राफिक के माध्यम से तत्काल जारी की जाती हैं। ये सूचनाएं जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि संज्ञान में आया है कि कुछ कार्यालयों द्वारा इन चेतावनियों का अपेक्षित प्रचार-प्रसार नहीं किया जा रहा है और सोशल मीडिया पर आवश्यक प्रतिक्रिया भी नहीं दी जा रही है, जो जनहित के दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे व्यक्तिगत रुचि लेते हुए राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी मौसम संबंधी सभी चेतावनियों का सोशल मीडिया एवं अन्य उपलब्ध संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में नामित सोशल मीडिया प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर भी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपदा संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध और प्रभावी प्रसार सुनिश्चित किया जा सके।

रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ