रोजी-रोटी की तलाश में गया था हैदराबाद, करंट ने छीन ली जिंदगी... 21 वर्षीय बलिराम की मौत से गांव में मातम

रोजी-रोटी की तलाश में गया था हैदराबाद, करंट ने छीन ली जिंदगी... 21 वर्षीय बलिराम की मौत से गांव में मातम

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। बेहतर भविष्य और परिवार की रोजी-रोटी का सहारा बनने के लिए हैदराबाद गए 21 वर्षीय युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार सुबह जैसे ही युवक का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गईं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामला पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ताल्ही का है। गांव निवासी हरिहर का 21 वर्षीय पुत्र बलिराम करीब ढाई माह पहले रोजगार की तलाश में हैदराबाद गया था। परिजनों के अनुसार वह एक भवन निर्माण स्थल पर विद्युत कार्य करता था। बुधवार को काम के दौरान अचानक वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

साथी मजदूर उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

शनिवार सुबह जब बलिराम का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पूरे ताल्ही गांव में मातम छा गया। शव देखते ही मां बेसुध होकर गिर पड़ीं। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

बलिराम की असमय मौत ने एक बार फिर रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में हर आंख नम है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ