महराजगंजः पहली ही बारिश में खुली सुंदरीकरण कार्य की पोल

महराजगंजः पहली ही बारिश में खुली सुंदरीकरण कार्य की पोल, धानी बाजार में भरभराकर गिरी लाखों की बाउंड्री वॉल

रात में हुआ हादसा, टली बड़ी जनहानि; ग्रामीणों ने लगाए घटिया निर्माण और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जनपद के धानी बाजार में सुंदरीकरण योजना के तहत कुछ माह पूर्व लाखों रुपये की लागत से निर्मित बाउंड्री वॉल पहली ही मानसूनी बारिश में भरभराकर गिर गई। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हुई इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि घटना देर रात होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।


स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया था, वहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है और बच्चे भी खेलते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह दीवार दिन के समय गिरती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने हाल ही में फरेंदा क्षेत्र में बाउंड्री वॉल गिरने से एक बच्चे की मौत की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से भी जिम्मेदारों ने कोई सबक नहीं लिया।


घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई तथा घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया। उनका कहना है कि पहली ही बारिश में दीवार का ढह जाना निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर स्पष्ट संकेत करता है।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने जिलाधिकारी से पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी ठेकेदार, कार्यदायी संस्था तथा निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ