जनता दर्शन में महिला की फरियाद सुन डीएम ने अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में महिला की फरियाद सुन डीएम ने अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जनता दर्शन में शुक्रवार को एक निराश्रित महिला की फरियाद सुनकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


भाटपाररानी तहसील के ग्राम कटाई टीकर निवासी संगीता देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है। परिवार में एक पुत्री है और आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

महिला ने बताया कि उनके पैर में गंभीर समस्या है, जिसके लिए ऑपरेशन कराना आवश्यक है। आर्थिक तंगी के कारण वह उपचार कराने में असमर्थ हैं। उन्होंने अंत्योदय राशन कार्ड तथा आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को पात्रता के आधार पर तत्काल अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि राशन कार्ड बनते ही उसी दिन महिला का आयुष्मान कार्ड भी बनवाया जाए, ताकि उनके ऑपरेशन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को महिला को शासन की अन्य पात्र कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ