अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार


पांच बोरी चोरी का गेहूं, तमंचा, कारतूस, चाकू, नकदी व कार बरामद, सरगना पर 28 मुकदमे दर्ज

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। महराजगंज कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पांच बोरी गेहूं, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू, 2,610 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।



पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर मिर्जगंजी घाट से पहले जंगल महलगंज जाने वाले बांध के मोड़ पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

गोरखपुर के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश साहनी पुत्र बिंदल निवासी बोकरा वार्ड नंबर-13, थाना सहजनवा, जनपद गोरखपुर, बृजेश साहनी पुत्र तूफानी तथा विशाल साहनी पुत्र पंचम साहनी निवासी ग्राम जिन्नपुर टोला केवटान, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।

चोरी का सामान और कार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच बोरी चोरी का गेहूं, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू तथा 2,610 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त कार संख्या UP30K8454 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा-207 के तहत सीज कर दिया गया।

सरगना निकला हिस्ट्रीशीटर

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना कमलेश साहनी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और महराजगंज जनपदों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बृजेश साहनी के खिलाफ भी गोरखपुर, बस्ती, महराजगंज और कुशीनगर में चोरी एवं लूट के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ