जनता दर्शन की शिकायत पर डीएम का त्वरित एक्शन, गांव पहुंचकर किया निरीक्षण


जलभराव और फसल नुकसान की शिकायत पर अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश, खारी नाला की सफाई कर पानी छोटी गंडक तक पहुंचाने के आदेश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कुसुमौनी पहुंचकर जलभराव की समस्या का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



जनता दर्शन में ग्राम सभा कुसुमौनी निवासी आकाश शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रार्थना-पत्र देकर बरसात का पानी न निकलने, साइफन चोक होने, खेतों में जलभराव से फसलों को हो रहे नुकसान तथा संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से अवगत कराया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।



निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ खंड की अधिशासी अभियंता को खारी नाला की तत्काल सफाई कराने तथा जलभराव का पानी छोटी गंडक नदी तक पहुंचाने के लिए स्थायी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता को सड़क निर्माण के दौरान अवरुद्ध अथवा चोक हो चुके नालों और साइफनों की तत्काल सफाई कर जल निकासी सुचारु कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने बाढ़ खंड और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान के लिए जमा पानी को नहर तक पहुंचाने की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके।

जिलाधिकारी की पहल के बाद जल निकासी की प्रक्रिया शुरू होने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ