20 जुलाई से शुरू होगा ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन, किसान समय पर कराएं अभिलेखों का सत्यापन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद के गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी ने बताया कि आगामी पेराई सत्र 2026-27 की गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 20 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन अभियान चलाया जाएगा। इसी सर्वे एवं सट्टे के आधार पर किसानों को आगामी पेराई सत्र में एसएमएस के माध्यम से गन्ना पर्चियां जारी की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक तथा संबंधित चीनी मिलों के कर्मचारी प्रत्येक गांव में सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर किसानों को उनके गन्ना सर्वे एवं सट्टा अभिलेख उपलब्ध कराएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने अभिलेखों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करें और यदि गाटा संख्या, क्षेत्रफल, गन्ना प्रजाति, पौधा अथवा पेड़ी, बैंक खाता, मोबाइल नंबर या अन्य किसी विवरण में त्रुटि हो तो तत्काल मौके पर या संबंधित गन्ना समिति में आवेदन देकर संशोधन करा लें।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक किसान को सर्वे प्रदर्शन से संबंधित आंकड़ों की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। अभिलेखों के सत्यापन के बाद किसानों से प्रति प्राप्ति एवं संतुष्टि संबंधी हस्ताक्षर अथवा अंगूठा निशान भी लिया जाएगा। इसके अलावा एसजीके (SGK) पोर्टल पर भी किसानों को उनके आगणित सट्टे का विवरण उपलब्ध रहेगा, जहां वे आवश्यक होने पर ऑनलाइन आपत्ति भी दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने विशेष रूप से किसानों से अपने मोबाइल नंबर और बैंक खाते का विवरण सही कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि पिछले पेराई सत्र की तरह इस बार भी केवल एसएमएस के माध्यम से गन्ना पर्चियां जारी की जाएंगी, जबकि गन्ना मूल्य का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में किया जाएगा। इसलिए दोनों विवरण सही एवं सक्रिय होना आवश्यक है।
जिला गन्ना अधिकारी ने यह भी बताया कि जो किसान वर्तमान में गन्ने की खेती कर रहे हैं और गन्ना समिति के नए सदस्य बनना चाहते हैं, वे 30 सितंबर 2026 तक www.enquiry.caneup.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र की प्रति आवश्यक अभिलेखों एवं निर्धारित शुल्क के साथ चार दिनों के भीतर संबंधित गन्ना समिति कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने सभी गन्ना किसानों से निर्धारित तिथियों में ग्राम स्तरीय सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने अभिलेखों का सत्यापन कराने की अपील की, ताकि गन्ना पर्ची जारी होने और गन्ना मूल्य भुगतान में भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रिपोर्टर:व्यूरो।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR