खरीफ सीजन में उर्वरकों की कोई कमी नहीं, पर्याप्त भंडार उपलब्ध: जिला कृषि अधिकारी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। खरीफ सीजन में धान की रोपाई और गन्ने की टॉप ड्रेसिंग का कार्य तेज होने के बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में यूरिया, डीएपी और एनपीके सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद के विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर 16,587 मीट्रिक टन यूरिया, 6,209 मीट्रिक टन डीएपी तथा 7,563 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि 16 जुलाई को सहकारी क्षेत्र के लिए 1,351 मीट्रिक टन यूरिया तथा इफको की 1,337 मीट्रिक टन डीएपी जनपद की सभी सहकारी समितियों को आवंटित कर भेज दी गई है। इसके अलावा 18 जुलाई को आईपीएल कंपनी की देवरिया रैक से 1,539 मीट्रिक टन यूरिया जनपद को प्राप्त हो रही है। इसमें 328 मीट्रिक टन सहकारी समितियों तथा 1,211 मीट्रिक टन निजी उर्वरक विक्रेताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। यह उर्वरक विभिन्न क्षेत्रों के फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से संतुलित एवं अनुशंसित मात्रा में ही उर्वरकों का उपयोग करने की अपील की। साथ ही बताया कि विभागीय पोर्टल के माध्यम से उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी क्षेत्र में कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से कहा कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार जोतबही या खतौनी के आधार पर निकटतम निजी अथवा सहकारी उर्वरक केंद्र से पीओएस मशीन पर आधार प्रमाणीकरण कर उर्वरक प्राप्त करें।
यदि किसी किसान को उर्वरक प्राप्त करने में कोई कठिनाई आती है तो वह कृषि विभाग के कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 9458065687 पर लिखित शिकायत दर्ज करा सकता है। विभाग ने आश्वस्त किया है कि सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
रिपोर्टर:व्यूरो।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR