जिलाधिकारी के निर्देश पर SOC न्यायालय की औचक जांच, अधिकारी के आवास से 26 पत्रावलियां बरामद
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी (SOC), पडरौना के न्यायालय की त्रिस्तरीय संयुक्त जांच टीम ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने पीठासीन अधिकारी के सरकारी आवास से 26 पत्रावलियां बरामद कीं, जिनमें से 15 पत्रावलियां ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं पाई गईं।
जिलाधिकारी के आदेश (पत्र संख्या-6590/ओएसडी/2026) के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) पडरौना डॉ. संतराज तथा उप जिलाधिकारी (न्यायिक) हाटा विवेकशील यादव की संयुक्त जांच टीम ने 30 जुलाई को SOC न्यायालय का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कंप्यूटरीकृत प्रबंधन प्रणाली में आदेश हेतु सुरक्षित 50 पत्रावलियां प्रदर्शित थीं, जबकि मौके पर पेशकार द्वारा केवल 14 पत्रावलियां ही उपलब्ध कराई गईं। विस्तृत जांच में पीठासीन अधिकारी संतोष कुमार के सरकारी आवास से 26 अतिरिक्त पत्रावलियां बरामद कर न्यायालय लाई गईं। इनमें से 15 पत्रावलियां ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं थीं।
जांच में यह भी पाया गया कि कई मामलों में महीनों पहले बहस पूरी हो जाने के बावजूद आदेश पारित नहीं किए गए थे। वहीं, कुछ मामलों में आदेश बारकोडयुक्त फर्द पर दर्ज करने के बजाय साधारण कागजों पर लिखे गए मिले।
संयुक्त जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि पीठासीन अधिकारी द्वारा पत्रावलियों का समय पर निस्तारण नहीं किया गया तथा उन्हें अपने सरकारी आवास पर रखकर अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया। जांच समिति ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR