मतदेय स्थलों के संभाजन प्रस्ताव पर दावे-आपत्तियों का निस्तारण, सभी राजनीतिक दलों ने जताई सहमति
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों के संभाजन प्रस्ताव के आलेख प्रकाशन के बाद प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति व्यक्त की और किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी खड्डा सर्वेश कुमार सिंह गौड़ ने जनपद के मतदेय स्थलों के प्रस्तावित संभाजन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों के संबंध में कुल 15 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनमें से जांच के बाद दो दावों को स्वीकृत किया गया, जबकि 13 दावे अस्वीकृत कर दिए गए। अस्वीकृति का प्रमुख कारण संबंधित मतदेय स्थलों का मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में होना रहा। स्वीकृत दोनों प्रस्ताव 333-कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में जनपद में कुल 3013 मतदेय स्थल तथा 1484 मतदान केंद्र थे। नवीन प्रस्ताव के अनुसार 79 मतदेय स्थल कम हुए हैं, जबकि दो नए मतदान केंद्र बढ़ाए गए हैं। अब जनपद में कुल 2934 मतदेय स्थल और 1486 मतदान केंद्र हो गए हैं।
बैठक में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम अवध, भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रबंधन प्रतिनिधि केशव उपाध्याय, बहुजन समाज पार्टी के कार्यालय प्रभारी सुभाष भास्कर, कांग्रेस के अधिवक्ता प्रकोष्ठ से धनंजय सिंह, आम आदमी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार यादव, अपना दल के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार पटेल सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं, लेकिन किसी भी दल ने प्रस्ताव पर कोई आपत्ति नहीं जताई। सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन किया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त होने की घोषणा की।
रिपोर्टर: व्यूरो।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR