ज्वेलरी की दुकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए चोर
भागलपुर में ज्वेलर्स की दुकान पर हाईटेक चोरी, जांच में जुटी पुलिस
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
भागलपुर, देवरिया। रविवार की देर रात मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर स्थित राजेश्वरी ज्वेलर्स की दुकान में अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।दुकान संचालक पारले जायसवाल के पिता पप्पू जायसवाल ने बताया कि रविवार शाम दुकान बंद कर सभी लोग घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब दुकान खोली गई तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। दुकान में रखा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी का सामान गायब था।
घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी शशांक पांडे, संतोष कुमार सिंह, रोहित यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) बरहज राजेश चतुर्वेदी, मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं, देवरिया से फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया।
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (रिकॉर्डिंग सिस्टम) भी अपने साथ ले गए, जिससे घटना की फुटेज प्राप्त करना फिलहाल मुश्किल हो गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR