टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया। लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती, विभागीय अधिकारियों की कथित लापरवाही तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को बरहज में जनाक्रोश देखने को मिला। नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष अजीत जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने नगर में जुलूस निकालकर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील परिसर पहुंचे और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो अटल तिराहे पर क्रमिक एवं आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
चिलचिलाती धूप के बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। जुलूस के कारण कुछ समय के लिए नगर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
धरना स्थल पर सबसे पहले नायब तहसीलदार और तहसीलदार पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि वे अपना ज्ञापन केवल उपजिलाधिकारी को ही सौंपेंगे। लगभग 20 मिनट बाद उपजिलाधिकारी बरहज स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे, जिसके बाद उन्हें पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अजीत जायसवाल ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई), उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सहित कई अधिकारी मुख्यालय पर रात्रि विश्राम नहीं करते, जिससे क्षेत्र की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।
प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
बरहज क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती तत्काल बंद की जाए।
गौरा मार्ग का निर्माण शीघ्र कराया जाए।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पर्याप्त चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ की तैनाती की जाए।
विद्युत विभाग के अधिकारी मुख्यालय पर रात्रि विश्राम सुनिश्चित करें।
क्षेत्र की जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अटल तिराहे पर क्रमिक एवं आमरण अनशन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में प्रदीप जायसवाल, प्रो. अजय कुमार मिश्र, विजय रावत, प्रदीप गुप्ता, संजय बरनवाल, विजय सिंह रिकू, जितेंद्र भारत, बड़े तिवारी, उमाशंकर तिवारी, अनिरुद्ध तिवारी, अमित तिवारी, मुकेश पटेल, धर्मेंद्र सिंह, डॉ. शैलेन्द्र जायसवाल, दिनेश जायसवाल, अमित जायसवाल, अमरजीत सोनकर, नवाब हुसैन, लव सोनकर, अनिल सोनकर, विकास यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR