जेईई मेन-2026 में सफलता अर्जित कर सूर्यकांत ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

जेईई मेन-2026 में सफलता अर्जित कर सूर्यकांत ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

मेधावी छात्र को सम्मानित कर दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज ने बढ़ाया मान

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जेईई मेन-2026 के घोषित परिणाम में दुर्गावती देवी इंटरमीडिएट कॉलेज, प्रयाग नगर, भैंसा के कक्षा 12 के छात्र एवं नौतनवा क्षेत्र के परसा सोमाली गांव निवासी आवासीय छात्र सूर्यकांत त्रिपाठी ने 84.41 एनटीए स्कोर प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया है।

सूर्यकांत ने गणित में 90.00 तथा भौतिक विज्ञान में 91.27 एनटीए स्कोर हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। केमिस्ट्री के अंकों सहित उनका कुल एनटीए स्कोर 84.41 रहा। इस उपलब्धि के आधार पर उन्हें बीई/बीटेक प्रवेश के लिए जनरल श्रेणी में अखिल भारतीय रैंक 37,305 तथा कॉमन रैंक 2,42,693 प्राप्त हुई है। अब वह इंजीनियर बनने के अपने लक्ष्य की दिशा में आगे की पढ़ाई करेंगे।

छात्र की इस सफलता से उनके पिता कुंजबिहारी त्रिपाठी, माता विभा शुक्ला सहित पूरे परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में संस्थापक प्रबंधक उपेंद्र मिश्र, प्रधानाचार्य राजेश कुमार तिवारी, कार्यालय अधीक्षक रमेश चंद पटेल, असिस्टेंट डायरेक्टर मोहम्मद महफूज तथा शिक्षक मनमीत पटेल, सरवन विश्वकर्मा, महेंद्र उपाध्याय, गंगेश वर्मा, राजेंद्र कुमार, राहुल जायसवाल, उषा सिंह, नेहा मद्धेशिया, नेहा पटेल एवं सीमा पांडे ने मेधावी छात्र को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सभी शिक्षकों ने सूर्यकांत त्रिपाठी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय, परिवार और जिले का नाम रोशन करेंगे।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ