गो-पालन योजना में रिश्वत मांगने का आरोप, पशु चिकित्साधिकारी से दो दिन में मांगा जवाब
₹80 हजार अनुदान दिलाने के नाम पर टैग, मुहर और फाइल खर्च के लिए ₹6,500 मांगने की शिकायत; मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी गो-पालन योजना के तहत अनुदान दिलाने के नाम पर कथित रूप से रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने सदर के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्ट स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
कार्यालय मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा 4 जुलाई 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिसवा राजा निवासी अनिल यादव ने 1 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वह अपनी पत्नी सीमा यादव के नाम पर गो-पालन योजना के अंतर्गत ₹80 हजार के अनुदान के लिए आवेदन कराने पशु चिकित्सालय महराजगंज पहुंचे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार आवेदन प्रक्रिया के दौरान प्रति पशु टैग लगाने के नाम पर ₹1,000, मुहर लगाने के लिए ₹500 तथा फाइल तैयार करने के नाम पर ₹5,000 की मांग की गई। इस प्रकार कुल ₹6,500 देने का दबाव बनाया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि योजना के तहत फाइल तैयार करने के लिए कोई शुल्क देय नहीं है, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें कार्यालय से भगा दिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से दो दिनों के भीतर तथ्यात्मक एवं साक्ष्ययुक्त स्पष्टीकरण मांगा है। विभागीय नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में मामले को उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले की विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया जारी है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR