जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। तहसील कसया में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 103 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवादों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से संवाद बनाए रखते हुए तथ्यों की निष्पक्ष जांच करें तथा ऐसा समाधान सुनिश्चित करें, जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो। साथ ही उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयावधि में उनके निस्तारण के निर्देश दिए।


पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं को त्वरित न्याय मिल सके।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं तथा आवश्यक मामलों में मौके पर ही समाधान का प्रयास किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी कसया, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ