जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न, समयबद्ध ढंग से ग्रामीण पेयजल योजनाएं पूरी करने के निर्देश

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न, समयबद्ध ढंग से ग्रामीण पेयजल योजनाएं पूरी करने के निर्देश
667 ग्राम पंचायतों के 3.34 लाख से अधिक घरों तक पहुंचेगा नल से जल, 'जल सारथी ऐप' डाउनलोड करने की अपील
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।
मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित ग्रामीण पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), कुशीनगर, अधिशासी अभियंता पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, पडरौना, सहायक अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), एसडब्ल्यूएसएम गोरखपुर इकाई के अभियंता, एनसीसी लिमिटेड के अधिकारी, डीपीएमयू एवं टीपीआईए की टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) ने बताया कि जल जीवन मिशन के फेज-2 एवं फेज-3 के अंतर्गत जनपद में 453 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से 667 ग्राम पंचायतों के 904 राजस्व ग्रामों में कुल 3,34,718 घरों को नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि परियोजनाओं के अंतर्गत 464 ट्यूबवेल (पंपिंग प्लांट सहित), 454 पंप हाउस, 454 शिरोपरि जलाशय तथा 6,448 किलोमीटर पाइपलाइन वितरण प्रणाली का निर्माण प्रस्तावित है। वर्तमान तक 454 ट्यूबवेल, 448 पंप हाउस, 250 शिरोपरि जलाशय तथा 6,292 किलोमीटर वितरण प्रणाली का कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है।
बैठक में अधिकारियों ने 'जल सारथी ऐप' की भी जानकारी दी। बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से प्रत्येक राजस्व ग्राम की पेयजल योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही पेयजल से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव भी ऑनलाइन दर्ज कराए जा सकते हैं। अधिकारियों ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में 'जल सारथी ऐप' डाउनलोड कर उसका उपयोग करने की अपील की।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।



रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ