गन्ने के खेत में मिला मानव कंकाल, क्षेत्र में मचा हड़कंप

गन्ने के खेत में मिला मानव कंकाल, क्षेत्र में मचा हड़कंप

करीब 20 दिन से लापता महिला से जोड़कर देख रहे ग्रामीण, डीएनए जांच के बाद होगी पहचान की पुष्टि

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
भाटपाररानी/बनकटा, देवरिया।

बनकटा थाना क्षेत्र के सुंदरपार मिश्रौली गांव स्थित एक गन्ने के खेत में मंगलवार को मानव कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैजनाथ मिश्र के बटाईदार छठू राजभर अपने एक सहयोगी के साथ गन्ने के खेत में खाद का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत के अंदर पड़े मानव कंकाल पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान और खेत मालिक को दी। सूचना मिलने पर बनकटा पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर पूरे खेत की गहन तलाशी ली, लेकिन कंकाल का धड़ बरामद नहीं हो सका।

घटना के बाद गांव में करीब 20 दिन पहले लापता हुई एक महिला की चर्चा तेज हो गई। घटनास्थल के पास मिले कपड़े, मोबाइल, चप्पल तथा अन्य सामान के आधार पर परिजनों ने कंकाल की पहचान करने का प्रयास किया। परिजनों को आशंका है कि कंकाल राजेंद्र की पत्नी पुष्पा देवी का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि कंकाल की पहचान डीएनए परीक्षण एवं अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही मौत के वास्तविक कारणों का भी खुलासा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) सुनील सिंह, क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच कर शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।



रिपोर्टर: बृजेश मिश्रा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ