गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित, 30 सितंबर तक करें आवेदन

गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित, 30 सितंबर तक करें आवेदन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के लिए गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार-2026 हेतु पात्र व्यक्तियों के प्रस्ताव एवं आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों, सामाजिक संस्थाओं एवं संबंधित विभागों से योग्य व्यक्तियों के नाम प्रस्तावित करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ऐसे भारतीय मूल के नागरिकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान दिया हो। पुरस्कार के लिए वही व्यक्ति पात्र होंगे, जो विचाराधीन वर्ष में सामान्यतः उत्तर प्रदेश में निवासरत रहे हों तथा पूर्व में इस पुरस्कार से सम्मानित न हुए हों।

उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर उन्हें शासन को भेजा जाएगा। आवेदन के साथ अभ्यर्थी के कार्यों का विस्तृत विवरण, उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेख संलग्न करना अनिवार्य होगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से निर्धारित प्रारूप में 30 सितंबर, 2026 तक पात्र एवं योग्य व्यक्तियों के नाम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि समयबद्ध ढंग से शासन को प्रस्ताव प्रेषित किए जा सकें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रस्तावित व्यक्ति का आवश्यक सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उसके विरुद्ध कोई आपराधिक मामला लंबित न हो तथा वह शासन द्वारा निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को पूरा करता हो।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ