दूसरे दिन भी सख्त निगरानी में हुई यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026,

दूसरे दिन भी सख्त निगरानी में हुई यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026,

डीएम व एसपी ने किया औचक निरीक्षण

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पूर्णतः नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा के दूसरे दिन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसान इंटर कॉलेज, शाखोपार, उदित नारायण पी.जी. कॉलेज, पडरौना तथा बुद्धा पी.जी. कॉलेज, कसया का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान निगरानी कक्षों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या अवांछनीय गतिविधि के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए तथा परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा समाप्त होने तक सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित होती रहें, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ