जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा, नोडल अधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। जनपद में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को नोडल अधिकारी एवं सचिव नगर विकास तथा निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा ने जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों, पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों के चयन तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
नोडल अधिकारी अनुज कुमार झा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण अभियान को पूरी गंभीरता, बेहतर समन्वय और जनसहभागिता के साथ संचालित किया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके।
उन्होंने पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और उनकी जीवितता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान के अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
नोडल अधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को भी समान प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभियान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR