खाद्य मसाला प्रतिष्ठानों पर चला सघन निरीक्षण अभियान, बिना लाइसेंस संचालकों को नोटिस
18 प्रतिष्ठानों की जांच, चार मसालों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर 6 से 8 जुलाई तक जनपद में खाद्य मसाला निर्माताओं एवं विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नियमों के अनुपालन की जांच की।निरीक्षण के दौरान कई ऐसे प्रतिष्ठान मिले, जिन्होंने खाद्य लाइसेंस तो प्राप्त कर रखा है, लेकिन वर्तमान में उनका संचालन नहीं हो रहा है। ऐसे संचालकों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना खाद्य लाइसेंस सरेंडर करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाए गए प्रतिष्ठानों के संचालकों को तत्काल कारोबार बंद करने तथा शीघ्र खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया। साथ ही उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।अभियान के दौरान कुल 18 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। रुद्रपुर एवं नगर पालिका क्षेत्र से खाद्य मसालों के चार नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेंद्र मोहन त्रिपाठी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चंद्र, नेहा त्रिपाठी, राजू पाल, घनश्याम वर्मा, श्रीराम यादव एवं राम सिंगार यादव शामिल रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR