संस्कृत के विद्वान डॉ. केदार नाथ मिश्र के निधन पर शोकसभा आयोजित

संस्कृत के विद्वान डॉ. केदार नाथ मिश्र के निधन पर शोकसभा आयोजित

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महाराजगंज के संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षाविद्, सेवानिवृत्त डॉ. केदार नाथ मिश्र के निधन पर महाविद्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शोकसभा में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने कहा कि डॉ. केदार नाथ मिश्र का निधन शिक्षा जगत के लिए अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे शैक्षणिक जीवन में हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव, अनुशासित व्यक्तित्व और आदर्श शिक्षक के रूप में उनकी पहचान सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

प्राचार्य ने कहा कि उनके सहयोगी, विद्यार्थी एवं शुभचिंतक आज भी उनके ज्ञान, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षण शैली को श्रद्धापूर्वक स्मरण करेंगे। उनके निधन से शिक्षा, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

महाविद्यालय परिवार, पूर्व छात्रों तथा जनपद के शिक्षाविदों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

शोकसभा में प्रो. उमेश यादव, डॉ. राहुल कुमार सिंह, डॉ. दिवाकर सिंह, डॉ. विपिन यादव, देवेंद्र पाठक, डॉ. विजय आनंद मिश्रा, अशोक कुमार, डॉ. नंदिता मिश्रा, डॉ. प्राची कुशवाहा, डॉ. अपर्णा राठी, डॉ. ज्योत्सना पांडेय, गुलाब चंद, श्रवण कुमार पटेल, रामनारायण नायक, जावेद अली, संतोष कुमार श्रीवास्तव, प्रणय गौतम, राजीव कुमार द्विवेदी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ