निर्माणाधीन परियोजनाओं का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

निर्माणाधीन परियोजनाओं का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज एवं जनपद साइबर थाने के प्रशासनिक भवन के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्यों में अनियमितता या गुणवत्ता संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन छात्रावास, संग्रहालय भवन, वाचनालय, शौचालय ब्लॉक तथा चारदीवारी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने जनपद साइबर थाने के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। लगभग 3.53 करोड़ रुपये की लागत से इस भवन का निर्माण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया, कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता, तकनीकी टीम के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ