उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में एफआईआर दर्ज
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद के किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित कराने और उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध परिवहन तथा अनधिकृत भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई में दो अलग-अलग मामलों में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है।
20 जुलाई 2026 को कार्रवाई के दौरान मथौली बाजार से रामकोला की ओर अवैध रूप से ले जाई जा रही 20 बोरी यूरिया पकड़ी गई। जांच में सामने आया कि उक्त उर्वरक साधन सहकारी समिति, मथौली बाजार से कथित रूप से अवैध तरीके से भेजा जा रहा था। इसके बाद समिति का निरीक्षण किया गया तो पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक के सापेक्ष 428 बोरी यूरिया और 192 बोरी डीएपी मौके पर उपलब्ध नहीं मिली।
प्रथम दृष्टया उर्वरक वितरण में गंभीर अनियमितता और हेराफेरी का मामला पाए जाने पर साधन सहकारी समिति, मथौली बाजार के सचिव रामसागर सिंह के विरुद्ध संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इसी क्रम में एक अन्य शिकायत पर 21 जुलाई 2026 को कृष्ण कुमार पुत्र स्वामीनाथ कुशवाहा, निवासी ग्राम मठिया विशम्भर, माधोपुर, पोस्ट सेखवनिया के परिसर में छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की 47 बोरी उर्वरक का भंडारण मिला। जांच में संबंधित व्यक्ति के पास उर्वरकों के भंडारण और बिक्री के लिए कोई वैध प्राधिकार-पत्र नहीं पाया गया।
कृषि विभाग के अनुसार, यह कृत्य उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत दंडनीय अपराध पाए जाने पर संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने जनपद के सभी उर्वरक विक्रेताओं और सहकारी समितियों को निर्देश दिया है कि उर्वरकों का वितरण शासन द्वारा निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़, कालाबाजारी, अवैध भंडारण अथवा उर्वरकों की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR