घर के सामने बिजली के पोल ने ली जान! करंट लगने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत

घर के सामने बिजली के पोल ने ली जान! करंट लगने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अचेत हालत में सीएचसी परतावल ले गए परिजन, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; भाई ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की


टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो 
महराजगंज, 13 जुलाई 2026। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर खुर्द में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम विशुनपुर खुर्द निवासी अयूब (45 वर्ष) पुत्र तज्जमुल हुसैन सोमवार करीब 12 बजे घर के सामने लगे बिजली के पोल के संपर्क में आ गए। आरोप है कि पोल में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।सुचना पर पहुंची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई आरिफ अली शाह ने भिटौली थाने में लिखित तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रथम दृष्टया मामला बिजली के पोल में करंट उतरने से हुए हादसे का बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।..

रिपोर्टर: रंजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ