टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। चिटफंड कंपनियों में फंसी जीवनभर की जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को सैकड़ों निवेशकों ने तपजप संगठन के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। पीड़ितों ने कहा कि वर्षों से उनकी मेहनत की कमाई फंसी हुई है, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका है।
ज्ञापन में Banning of Unregulated Deposit Schemes Act, 2019का हवाला देते हुए प्रशासन से लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई कर निवेशकों का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की गई। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने लाइसेंस प्राप्त चिटफंड कंपनियों और सहकारी संस्थाओं में अपनी बचत निवेश की थी, लेकिन कंपनियों के बंद होने के बाद उनकी रकम फंस गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार जिलाधिकारी कार्यालय और जिले की चारों तहसीलों में ज्ञापन दिए जा चुके हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी मिले, लेकिन भुगतान की दिशा में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि जमा धनराशि वापस न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों के इलाज और रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर उनकी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की। "हमें न्याय नहीं, सिर्फ अपनी मेहनत की जमा पूंजी चाहिए," पीड़ितों ने कहा।
रिपोर्टर: रंजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR