शिक्षा सभी बच्चों का मौलिक अधिकार : शाबिस्ता परवीन

शिक्षा सभी बच्चों का मौलिक अधिकार : शाबिस्ता परवीन

स्कूल चलो रैली के माध्यम से नामांकन बढ़ाने और शिक्षा के प्रति किया जागरूक

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
गोरखपुर।

शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पिपराइच ब्लॉक स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय, गौरा में ब्लॉक स्तरीय "स्कूल चलो रैली" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शाबिस्ता परवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में बीईओ शाबिस्ता परवीन ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का नामांकन अपने निकटतम प्राथमिक विद्यालय में अवश्य कराएं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने शिक्षकों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में मोंटेसरी पद्धति सहित आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब शिक्षकों का दायित्व है कि वे अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा का उपयोग करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें।

कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर "स्कूल चलो रैली" को रवाना किया। रैली ने आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया तथा बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान "हर बच्चा स्कूल जाए" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र शैक्षिक चेतना से गुंजायमान रहा।

रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाबिस्ता परवीन ने "एक पौधा मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

इस अवसर पर अमित कुमार राय सहित पिपराइच क्षेत्र के शिक्षक, शिक्षक संघ के पदाधिकारी, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ