जमीन दिलाने के नाम पर ₹13.84 लाख की ठगी का आरोप

जमीन दिलाने के नाम पर ₹13.84 लाख की ठगी का आरोप

फर्जी चेक देने और जान से मारने की धमकी का आरोप, एसपी सिटी ने जांच के दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
गोरखपुर।

शहर में जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आवास विकास कॉलोनी निवासी विपिन श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी सिटी निमिष पाटिल को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि बुद्ध विहार पार्ट-सी निवासी मुन्ना सिंह ने सुनियोजित तरीके से उनसे ₹13.84 लाख ले लिए, लेकिन न तो जमीन दिलाई और न ही उनकी रकम वापस की।

पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2018 में मुन्ना सिंह ने अपने प्रभाव और संपर्कों का हवाला देते हुए धोबियाना मस्जिद के सामने स्थित 2170 वर्गफुट जमीन दिलाने का भरोसा दिया। जमीन की कीमत ₹650 प्रति वर्गफुट तय की गई, जिसके अनुसार कुल कीमत लगभग ₹14.10 लाख थी। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने स्टाम्प पेपर पर लिखित आश्वासन भी दिया कि पूरी राशि प्राप्त होने के बाद जमीन का बैनामा करा दिया जाएगा।

विपिन श्रीवास्तव का आरोप है कि उन्होंने अलग-अलग तिथियों में नकद एवं चेक के माध्यम से कुल ₹13.84 लाख आरोपी को दे दिए। इसके बावजूद कई वर्षों तक न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही रकम लौटाई गई। आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहे।

पीड़ित ने यह भी बताया कि लगातार भागदौड़ और मानसिक तनाव के बीच वर्ष 2020 में उनका सड़क हादसा हो गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्होंने दावा किया कि इलाज पर करीब ₹1.15 लाख खर्च हुए। इसके बाद भी आरोपी का रवैया नहीं बदला।

आरोप है कि वर्ष 2024 में मामला शांत कराने के लिए आरोपी ने ₹6 लाख और ₹6.88 लाख के दो चेक दिए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर दोनों चेक अमान्य (डिसऑनर) हो गए। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और अपने राजनीतिक एवं सामाजिक प्रभाव का हवाला देते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

पीड़ित का कहना है कि यह पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का है, जिसमें पहले विश्वास में लेकर बड़ी रकम ली गई और बाद में वर्षों तक टालमटोल करने के बाद फर्जी चेक थमा दिए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी निमिष पाटिल ने तिवारीपुर थाना प्रभारी को शिकायत की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पीड़ित ने प्रशासन से न्याय दिलाने, आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा अपनी पूरी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ