दुर्घटना में घायल इसहाक की हालत नाजुक, अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा

दुर्घटना में घायल इसहाक की हालत नाजुक, अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कसया, कुशीनगर। बीते बुधवार को मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल इसहाक आलम की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

जानकारी के अनुसार, नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर 15 वीर सावरकर नगर (सबया) निवासी इसहाक आलम (26) पुत्र असगर अली बुधवार की शाम बाइक से फाजिलनगर गए थे। देर रात वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर मधुरिया चौहान पट्टी के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ओवरटेक करते समय हादसा कर दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसहाक और प्रदीप कुशवाहा की बाइक एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रही थी। इसी दौरान अज्ञात ट्रक की टक्कर से दोनों बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर गए। हादसे में सरैया महंथ पट्टी निवासी प्रदीप कुशवाहा (45) सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इसहाक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे रखी बेंच से जा टकराई, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए फाजिलनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रदीप कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल इसहाक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, इसहाक का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों ने बताया कि इसहाक आगामी 30 जुलाई को विदेश जाने वाला था। परिवार के कमाऊ सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने से परिजन चिंतित हैं और उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।



रिपोर्टर: के एन राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ