संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जन शिकायतें, दिए सख्त निर्देश

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जन शिकायतें, दिए सख्त निर्देश

राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एक राजस्व निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि, दूसरे को कारण बताओ नोटिस

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिजीत आर. शंकर ने जन शिकायतों की सुनवाई की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता अब क्षम्य नहीं होगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने एक राजस्व निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की तथा एक अन्य राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आगाह किया कि धारा-24, धारा-116 एवं निर्विवाद वरासत से संबंधित मामलों के समयबद्ध निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण में शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम बसडीला निवासी सीमा शर्मा ने अपनी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार एवं संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम सिरजम निवासी रामानंद यादव ने धारा-24 के आदेश के बावजूद भूमि पर कार्य कराने से रोके जाने की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम अरईपार निवासी बसंत यादव ने अपनी भूमिधरी भूमि के अभिलेख में पिता का नाम गलत दर्ज होने की शिकायत प्रस्तुत की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं पथरदेवा निवासी प्रेमलता ने अपनी भूमिधरी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार एवं थाना प्रभारी तरकुलवा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों की धारा-24 एवं धारा-116 से संबंधित पंजिकाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार द्वारा धारा-116 का आदेश एक वर्ष पूर्व पारित होने के बावजूद उसका अनुपालन न कराए जाने की लापरवाही पाए जाने पर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। वहीं विशुनपुरा बाजार के तत्कालीन लेखपाल एवं वर्तमान राजस्व निरीक्षक उपेंद्र प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदारों को निर्देश दिया कि वे लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा धारा-24 एवं धारा-116 के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिजीत आर. शंकर ने भी पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 144 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में पुलिस विभाग एवं अन्य विभागों के 44-44, राजस्व विभाग के 42 तथा विकास विभाग के 14 प्रकरण शामिल रहे। शेष 136 मामलों को संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ भेज दिया गया।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं उपजिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।

तहसील परिसर का किया निरीक्षण

इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील सदर परिसर एवं तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव, साफ-सफाई तथा लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ