लकड़ी फर्नीचर कारोबार को मिलेगा नया सहारा, ओडीओपी योजना के तहत 10 दिवसीय मुफ्त प्रशिक्षण व टूलकिट

लकड़ी फर्नीचर कारोबार को मिलेगा नया सहारा, ओडीओपी योजना के तहत 10 दिवसीय मुफ्त प्रशिक्षण व टूलकिट

20 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन, 18 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक युवाओं एवं कारीगरों को मिलेगा लाभ

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जिले में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए चयनित उत्पाद लकड़ी फर्नीचर से जुड़े युवाओं, कारीगरों एवं उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। शासन के निर्देश पर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा 10 दिवसीय दक्षता, कौशल एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को निःशुल्क टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी की आयु कम से कम 18 वर्ष होना अनिवार्य है। इस योजना के लिए किसी प्रकार की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है, जिससे अधिक से अधिक युवा एवं पारंपरिक कारीगर इसका लाभ उठा सकें।

विभाग के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने पिछले दो वर्षों के दौरान केंद्र अथवा राज्य सरकार की किसी अन्य योजना के तहत संबंधित उत्पाद की टूलकिट प्राप्त की है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा एक परिवार (पति-पत्नी) से केवल एक सदस्य को ही योजना का लाभ दिया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, महराजगंज में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क किया जा सकता है।

उपायुक्त उद्योग नीरज कुमार सिंह ने जिले के पात्र युवाओं, कारीगरों एवं उद्यमियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ