घर विहीन महिला को मिला पक्के मकान का सहारा, मुख्यमंत्री आवास योजना ने बदली जिंदगी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने एक और जरूरतमंद परिवार के जीवन में खुशियों की नई किरण लाई है। विकासखंड तरकुलवा की ग्राम पंचायत वृंदावन निवासी सविता राव पत्नी स्वर्गीय विमल राव अपने दो पुत्रियों और एक पुत्र के साथ पहले जर्जर झोपड़ी में रहने को मजबूर थीं। अब मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान मिलने के बाद उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहा है।बरसात के दिनों में झोपड़ी की छत से पानी टपकने के कारण सविता राव और उनके परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ। आवास निर्माण के लिए उन्हें 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में उपलब्ध कराई गई।
आवास निर्माण के दौरान सविता राव ने मनरेगा के तहत मजदूरी भी की, जिसके एवज में उन्हें 19,170 रुपये की अतिरिक्त मजदूरी प्राप्त हुई। इससे जहां उन्हें आवास निर्माण में आर्थिक सहयोग मिला, वहीं रोजगार का लाभ भी प्राप्त हुआ।
सविता राव ने बताया कि पक्का मकान बनने के बाद उनके परिवार के जीवन स्तर में काफी सुधार हुआ है। अब उन्हें सुरक्षित आवास के साथ शौचालय, विद्युत कनेक्शन और गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी मिल रही हैं। पक्के मकान ने उनके परिवार को सुरक्षा और सम्मान देने के साथ ही बच्चों को भी बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना से मिले लाभ के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को न केवल पक्का और सुरक्षित घर दिया, बल्कि सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया है। जिला प्रशासन ने इसे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रेरक उदाहरण बताया है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR