विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां शुरू, डीएम ने 28 जुलाई तक मतदान कार्मिकों का विवरण उपलब्ध कराने के दिए निर्देश


विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां शुरू, डीएम ने 28 जुलाई तक मतदान कार्मिकों का विवरण उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चुनाव के दृष्टिगत मतदान कार्मिकों के डाटाबेस को तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 2,781 मतदेय स्थल हैं। इन मतदेय स्थलों के आधार पर सेक्टर अधिकारी, जोनल अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय, मतदान अधिकारी तृतीय एवं अन्य संबंधित मतदान कार्मिकों की आवश्यकता का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए ऑनलाइन इलेक्शन पर्सनल डिप्लॉयमेंट सिस्टम (ईपीडीएस) के माध्यम से कार्मिकों की संख्या, वेतन ग्रेड-पे एवं श्रेणी का विभागवार विवरण तैयार किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत उनके अधीन कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आवश्यक विवरण जिला निर्वाचन कार्यालय, देवरिया द्वारा उपलब्ध कराए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से 28 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।

भारत सरकार एवं राज्य सरकार के सभी कार्यालयाध्यक्ष/विभागाध्यक्षों के साथ ही बैंक, बीमा एवं इंश्योरेंस कंपनियों के शाखा प्रबंधकों को भी अपने अधीनस्थ कार्यरत सभी कार्मिकों का विवरण निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्मिकों का विवरण उपलब्ध कराते समय संबंधित कार्यालयाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी का विवरण छूटने न पाए। यदि किसी कार्मिक का विवरण उपलब्ध कराने में लापरवाही या चूक पाई जाती है, तो संबंधित कार्यालयाध्यक्ष/विभागाध्यक्ष के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ