देवरिया में ट्रक से 300 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

देवरिया में ट्रक से 300 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर, भाटपार रानी, बनकटा, देवरिया । जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बनकटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 300 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में सोमवार 13 जुलाई 2026 को बनकटा पुलिस संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रामपुर बुजुर्ग के पास टाटा ट्रक संख्या यूपी-71-टी-6000 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक से बिहार ले जाई जा रही 32 पेटी एवं छह बड़ी बोतलों सहित कुल 390 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 300 लीटर आंकी गई है।

पुलिस ने मौके से रंजन कुमार पुत्र त्रिवेणी चौधरी निवासी ग्राम सिवगोड़ी, थाना सिवगोड़ी, जिला पटना (बिहार) तथा सर्जुन कुमार पुत्र गंगाधर केवट, निवासी तहबल बीघा, मखदूमपुर, जहानाबाद (बिहार) को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध थाना बनकटा में मुकदमा अपराध संख्या 181/2026, धारा 60, 63 एवं 72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी में 19 पेटी रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की, 9 पेटी रॉयल स्टैग बैरल सेलेक्ट व्हिस्की, 4 पेटी ब्लेंडर्स प्राइड प्रीमियम व्हिस्की तथा 2-2 लीटर क्षमता की 6 बोतल रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की शामिल हैं।


पुलिस के अनुसार बरामद अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.90 लाख रुपये तथा जब्त ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी शिवम सिंह, आरक्षी अभिषेक यादव, आरक्षी आदित्य उपाध्याय तथा आरक्षी विकास सिंह शामिल रहे।



रिपोर्टर: बृजेश मिश्रा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ