विधायक ने किया रोजगार मेले का उद्घाटन, 679 युवाओं ने लिया भाग, 303 का हुआ चयन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) देवरिया परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं का साक्षात्कार लिया और उनकी योग्यता एवं दक्षता के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की।
रोजगार मेले का उद्घाटन सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रोजगार मेले युवाओं और निजी क्षेत्र की कंपनियों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य युवाओं से भी अपने कौशल का विकास कर ऐसे आयोजनों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे। कुल 679 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार में भाग लिया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 303 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में सफलता को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि मेले में शामिल कंपनियों ने तकनीकी एवं गैर-तकनीकी दोनों प्रकार के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन, पंजीकरण तथा साक्षात्कार की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से की गई, जिससे युवाओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में राजकीय आईटीआई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संबंधित विभागों का सहयोग रहा। आयोजन के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न रोजगार योजनाओं एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।
रिपोर्टर: पवन कुमार पांडेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR