22 जुलाई से कुशीनगर में शुरू होगा मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान


1.82 लाख से अधिक पशुओं को लगेगा निःशुल्क टीका


टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद कुशीनगर में पशुओं .मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) जैसी अत्यंत संक्रामक एवं आर्थिक दृष्टि से नुकसानदायक बीमारी से बचाने के लिए 22 जुलाई 2026 से एफएमडी टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले के 1,82,738 गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का उनके घर पर जाकर निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी साठे ने बताया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के तहत जनपद के 83,263 गोवंश तथा 99,475 महिषवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर पशुपालकों के द्वार पर ही टीका लगाएंगी, जिससे किसी भी पशुपालक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) पशुओं में तेजी से फैलने वाला एक अत्यंत संक्रामक रोग है। इस बीमारी के कारण दूध उत्पादन में कमी आती है, पशुओं की कार्यक्षमता प्रभावित होती है तथा पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इस रोग से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण कराना है।

डॉ. साठे ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र पशु के कान में ईयर टैग लगाया जाएगा तथा उसका भारत पशुधन (भारत पशुधन) एप पर पंजीकरण भी किया जाएगा। इससे पशुओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और भविष्य में पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि जिन पशुओं के कान में अभी तक ईयर टैग नहीं लगे हैं, वे टीकाकरण से पहले उनका टैग लगवाकर पंजीकरण अवश्य कराएं। साथ ही 22 जुलाई से शुरू होने वाले इस अभियान में अपने सभी पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराकर उन्हें मुंहपका-खुरपका जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों एवं नगर निकायों से भी अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक पशुपालकों को सामूहिक टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

रिपोर्टर: अजय त्रिपाठी 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ