पति ने पत्नी पर फावड़े से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

पति ने पत्नी पर फावड़े से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

अवैध संबंध के शक में वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर फावड़ा किया बरामद

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
सपहा, कुशीनगर।

कसया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मैनपुर के खदही गांव में रविवार देर रात एक पति ने अपनी पत्नी पर फावड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, 34 वर्षीय तेतरी देवी अपने मामा के यहां खदही गांव में रह रही थीं। रविवार देर रात उनके पति सिंहासन (36), निवासी गुरमिहा माफी टोला, वहां पहुंचे। बताया जाता है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने फावड़े से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया।

हमले में तेतरी देवी गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी सिंहासन ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था। इसी संदेह के चलते वह रविवार रात पत्नी से मिलने पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और गुस्से में उसने फावड़े से हमला कर दिया। हालांकि, अवैध संबंध का आरोप आरोपी का दावा है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों की तहरीर के आधार पर कसया पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति सिंहासन को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष कसया इत्यानंद पांडेय ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ