बिना कांग्रेस के देश में लोकतंत्र सुरक्षित नहीं : डॉ. धर्मेंद्र पांडेय
गांवों में संगठन मजबूत करने के लिए कांग्रेसियों ने बैठक कर बनाई रणनीति
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
सलेमपुर, देवरिया। बिना कांग्रेस की सरकार बने देश में लोकतंत्र की सुरक्षा नहीं हो सकती है। इसके लिए ग्राम सभा स्तर तक संगठन को पूरी तरह मजबूत करने की आवश्यकता है। यह बातें जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने नगर के सलाहाबाद वार्ड में आयोजित कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों और नौजवानों की मांगों को पूरा करने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है। महंगाई से जनता पूरी तरह त्रस्त है और खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
जिला महासचिव मार्कंडेय मिश्र ने कहा कि कांग्रेस हर ग्राम पंचायत में अध्यक्ष की नियुक्ति कर रही है। इसके लिए जनपद के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत किए बिना जनता के हित सुरक्षित नहीं रह सकते।
ब्लॉक अध्यक्ष मनीष रजक ने कहा कि कांग्रेस ही दलितों, पिछड़ों और दबे-कुचले लोगों के हितों की चिंता करती है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इसके लिए जनसंघर्ष करने को तैयार है।
जिला महासचिव रजनीश प्रसाद ने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस के बिना देश का भला नहीं हो सकता। वहीं जिला सचिव परमानंद प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस सरकार में ही देश का चौमुखी विकास संभव है।
बैठक में सत्यम पांडेय, परमानंद प्रसाद, सत्यवान पांडेय, डॉ. रमेश कुशवाहा, इस्लाम खान, अवधेश पांडेय, डॉ. याहिया अंजुम, मोहन प्रसाद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर:पवन कुमार पाण्डेय

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR